शुभमन गिल की इंजरी पर BCCI ने दिया बड़ा अपडेट, जानें ICU में भर्ती कप्तान की अब कैसी है तबियत?
Shubman Gill Health Update: साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के बीच टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आई है. कप्तान शुभमन गिल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ICU में रखा गया है.
Shubman Gill Health Update: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के बीच टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आई है. कप्तान शुभमन गिल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ICU में रखा गया है. शनिवार को साइमन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप मारने के दौरान गिल की गर्दन में अचानक तेज ऐंठन आ गई और वो रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़कर चले गए. हालत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें दूसरे दिन ICU में एडमिट करना पड़ा. वहीं, अब BCCI ने गिल की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.
शुभमन गिल की इंजरी पर BCCI ने दिया बड़ा अपडेट
BCCI ने रविवार को शुभमन गिल की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. बोर्ड ने बताया है कि “कप्तान शुभमन गिल को कोलकाता में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लग गई. दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल वह डॉक्टर्स की निगरानी में हैं. गिल अब इस टेस्ट मैच में आगे नहीं खेल पाएंगे. फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.”
बता दें कि, कप्तान गिल को गर्दन और आसपास के हिस्से में काफी दर्द हो रहा था. रविवार को जब दर्द बढ़ गया, तो उन्हें ICU शिफ्ट किया गया. हालांकि, अच्छी खबर है कि अब वो पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और डॉक्टर लगातार टेस्ट कर रहे हैं. लेकिन वो कोलकाता टेस्ट में अब नहीं खेल पाएंगे, जो भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है.
गिल को कैसी लगी चोट?
दरअसल, कोलकाता टेस्ट मैच के दूसरे दिन बैटिंग करने उतरे कप्तान शुभमन गिल साउथ अफ्रीकी स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप शॉट खेलते हुए चौका लगाया, लेकिन इस दौरान उनकी गर्दन में अचानक ऐंठन पड़ गई. जिसके बाद फिजियो ने मैदान पर उनकी जांच की, लेकिन वो काफी दर्द में दिखे. गिल सिर्फ तीन गेंद ही खेल सके और फिर दर्द की वजह से तुरंत मैदान से बाहर जाना पड़ा. बाद में उन्हें गर्दन में कॉलर पहनकर ले जाते हुए भी देखा गया, जिससे टीम और फैंस दोनों की चिंता बढ़ गई.
गिल की जगह ऋषभ पंत कर रहे कप्तानी
कोलकाता टेस्ट में शुभमन गिल के चोट की वजह से मैदान पर न उतरने के बाद अब टीम इंडिया की कप्तानी ऋषभ पंत संभाल रहे हैं. मैच की बात करें तो दो दिनों के भीतर ही कुल 26 विकेट गिर चुके हैं, जिससे मुकाबला तीसरे ही दिन खत्म होने की उम्मीद बन गई है. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 93 रनों पर 7 विकेट खो दिए थे. फिलहाल अफ्रीकी टीम के पास 63 रन की बढ़त है. अब भारतीय टीम तीसरे दिन अफ्रीका की पारी को जल्दी समेटना चाहेगी और मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करना चाहेगी.