SA20 Auction: 22 साल के डेवाल्ड ब्रेविस ने रचा इतिहास, चंद मिनटों में एडेन मार्करम का रिकॉर्ड तोड़ बने सबसे महंगे खिलाड़ी
SA20 Auction: साउथ अफ्रीका के युवा स्टार बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस SA20 इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं. उन्हें प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16 मिलियन रैंड यानी 8.06 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है

SA20 Auction, Dewald Brevis: साउथ अफ्रीका के युवा विस्फोटक बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने इतिहास रच दिया है. 22 साल ब्रेविस अब SA20 इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं. साउथ अफ्रीका की घरेलू टी20 लीग SA20 के आगामी सीजन के लिए आज यानी 9 सितंबर को जोहानिसबर्ग में ऑक्शन हो रहा है, जिसमें युवा खिलाड़ी पर जमकर पैसा बरसा है और रिकॉर्ड तोड़ बोली देखने को मिल रही है. हाल ही में IPL और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले ब्रेविस को खरीदने के लिए प्रिटोरिया कैपिटल्स की टीम ने लीग इतिहास की सबसे बड़ी बोली लगाई है.
डेवाल्ड ब्रेविस बने SA20 के सबसे महंगे खिलाड़ी
‘बेबी एबी’ के नाम से मशहूर साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस के लिए SA20 2026 के ऑक्शन में फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिली. हालांकि, अंत में प्रिटोरिया कैपिटल्स की टीम ने सबसे बड़ी बोली लगाकर बाजी मार ली. प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16 मिलियन रैंड यानी 8.06 करोड़ रुपये खर्च करके ब्रेविस को अपनी टीम में शामिल किया है. इसी के साथ वह SA20 लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं. बता दें कि, इससे पहले ब्रेविस MI केपटाउन टीम का हिस्सा थे, लेकिन आगामी सीजन में अब वह प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें- Asia Cup 2025: सूर्यकुमार यादव ने नहीं मिलाया पाकिस्तानी कप्तान से हाथ? जानिए वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई
एडेन मार्करम की भी लगी लॉटरी
ब्रेविस के अलावा, साउथ अफ्रीका टी20 टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज एडेन मार्करम पर भी फ्रेंचाइजियों ने जमकर दांव लगाया. SA20 2026 के ऑक्शन में डरबन सुपर जायंट्स ने मार्करम को 7 करोड़ रुपये की मोटी रकम पर खरीदा है. इसी के साथ वह SA20 इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं. हालांकि, वह ब्रेविस के ऑक्शन में आने से पहले सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे, लेकिन 5 मिनट बाद ही ब्रेविस ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया.
बता दें कि, मार्करम पहले सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए दो बार 2023 और 2024 में SA20 खिताब जीत चुके हैं. वह 2025 सीजन में भी सनराइजर्स टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उन्होंने ऑक्शन में उतरने का फैसला कर सबको हैरान कर दिया था. अब वह 2026 सीजन में डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे.