WTC Final 2025 Prize Money: टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. डब्ल्यूटीसी फाइनल 2025 में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया और आखिरकार ICC ट्रॉफी के 27 साल के सूखे को खत्म कर दिया. साउथ अफ्रीका WTC Final जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है.
इससे पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने WTC के पिछले दो सीजन जीते थे. पहली बार फाइनल में पहुंचने वाली साउथ अफ्रीका की टीम ने ट्रॉफी उठाकर ‘चोकर्स’ का टैग भी खत्म कर दिया है. WTC का खिताब जीतने पर साउथ अफ्रीका को प्राइज मनी के तौर पर करोड़ों रुपये मिले हैं. वहीं, हारने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम भी करोड़पति बन गई है.
साउथ अफ्रीका पर हुई पैसों की बारिश
WTC फाइनल 2025 जीतने के साथ ही साउथ अफ्रीकी टीम को 3.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 30.7 करोड़ रुपये की मोटी प्राइज मनी मिली है. जबकि फाइनल में हारने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को 18.53 करोड़ रुपये (2.16 मिलियन डॉलर) का इनाम मिला है. इसके अलावा, पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम इंडिया को 1.44 मिलियन डॉलर यानी करीब 12.30 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली. वहीं, चौथे स्थान पर रही न्यूजीलैंड की टीम को भी 1.44 मिलियन डॉलर यानी 10 करोड़ रुपये मिले.
South Africa 🇿🇦 CHAMPIONS 🏆#WTCFinal #SAvAUS pic.twitter.com/3C1HYW9XKu
---Advertisement---— Cricbuzz (@cricbuzz) June 14, 2025
WTC Final 2025 प्राइज मनी
स्थान | टीम | इनामी राशि (लगभग) |
---|---|---|
1 | साउथ अफ्रीका | ₹30 करोड़ |
2 | ऑस्ट्रेलिया | ₹18 करोड़ |
3 | भारत | ₹12 करोड़ |
4 | न्यूजीलैंड | ₹10 करोड़ |
5 | इंग्लैंड | ₹8 करोड़ |
6 | श्रीलंका | ₹7 करोड़ |
7 | बांग्लादेश | ₹6 करोड़ |
8 | वेस्ट इंडीज | ₹5 करोड़ |
9 | पाकिस्तान | ₹4 करोड़ |
ऐसा रहा मैच का हाल
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए WTC Final 2025 में अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और ये निर्णय उनके लिए बिल्कुल सही साबित हुआ. ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 212 रन पर सिमट गई. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में सिर्फ 138 रन ही बना सकी और ऑस्ट्रेलिया को 74 रनों की बढ़त मिल गई. वहीं, दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 207 रन बनाए और अफ्रीका को 282 रनों का टारगेट मिला.
इसके बाद एडेन मार्करम और टेम्बा बावुमा ने मैच का पासा पलट दिया. चोट के बावजूद बावुमा क्रीज पर डटे रहे और 66 रन की अहम पारी खेली. वहीं, मार्करम ने 207 गेंदों में शानदार 136 रन बनाए. इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 147 रन की अहम साझेदारी हुई. साउथ अफ्रीका ने 83.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और WTC की ट्रॉफी पर पहली बार कब्जा जमाया.
ये भी पढ़ें- WTC Final: ऑस्ट्रेलिया को हमेशा सतायेगा ये ‘ब्लंडर’, इस गतली की वजह से गंवाई ट्रॉफी